भोपाल राज्य सरकार ने रविवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें दो पुलिस अधीक्षक और 18 उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) स्तर के अधिकारी शामिल हैं। गृह विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश में कई जिलों के पुलिस नेतृत्व में बदलाव किया गया है। धार के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह को उनके पद से हटाकर इंदौर ग्रामीण रेंज में डीआईजी बनाया गया है। वहीं अशोकनगर के पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन को बालाघाट रेंज में उप पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
इन तबादलों के तहत भोपाल पुलिस मुख्यालय में कार्यरत सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा) मयंक अवस्थी को धार का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। इसके साथ ही, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (महिला सुरक्षा शाखा) राजीव कुमार मिश्रा को अशोकनगर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
रेल उप पुलिस महानिरीक्षक मोनिका शुक्ला को नगरीय पुलिस भोपाल में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) की जिम्मेदारी दी गई है।छतरपुर रेंज के डीआईजी ललित शाक्यवार को भोपाल मुख्यालय में डीआईजी बनाया गया है, जबकि बालाघाट रेंज के डीआईजी मुकेश कुमार श्रीवास्तव को सामान्य प्रशासन विभाग के अधीन कर, मानव अधिकार आयोग भोपाल में डीआईजी के रूप में पदस्थ किया गया है। इसके अलावा, सागर रेंज के डीआईजी सुनील कुमार पांडेय को भी भोपाल मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक के रूप में पदस्थ किया गया है।