भोपाल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दरअसल, हाल ही में बिहार के दरभंगा में आयोजित कांग्रेस की सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को अपमानित करने वाले शब्दों का प्रयोग किया गया था। इस घटना के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने राजधानी भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे पर राहुल गांधी की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली और कांग्रेस पार्टी से माफी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करती हुई कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं, लेकिन पुलिस ने सिद्धांता हॉस्पिटल के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस बीच अचानक बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने रोड पर ही रखी अर्थी को तोड़ दिया और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह और नेहा बग्गा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि महिलाओं का अपमान अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या उनके घर में बहन-बेटियां नहीं हैं? यदि हैं, तो वे बार-बार माताओं और बहनों का अपमान कैसे कर सकते हैं? उन्होंने चेतावनी दी कि अब मातृशक्ति जाग चुकी है और कांग्रेस पार्टी यदि समय रहते नहीं संभली तो उसका नामोनिशान मिट जाएगा। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से देश की महिलाओं से माफी मांगे।
“राहुल गांधी के संरक्षण में कांग्रेस नेता करते हैं अपमानजनक टिप्पणी”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं जिनके संरक्षण में कांग्रेस के नेता लगातार महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। उन्होंने हाल ही में मध्यप्रदेश कांग्रेस नेता जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं पर की गई टिप्पणी का उदाहरण देते हुए कहा कि यह कांग्रेस की सोच को दर्शाता है।
खंडेलवाल ने कहा कि आज हजारों की संख्या में महिला कार्यकर्ता इस बात का संदेश देने के लिए सड़कों पर उतरी हैं कि कांग्रेस महिलाओं का सम्मान करने के बजाय उनका अपमान करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और बराबरी का अधिकार दिया गया है, जबकि कांग्रेस में महिलाओं के लिए केवल अपमानजनक शब्द ही हैं।
हर घर तक पहुंचाएंगे संदेश
भाजपा नेताओं ने कहा कि अब समय आ गया है कि हर घर तक यह संदेश पहुंचाया जाए कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं का अपमान करती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे नेताओं, जिनका पूरी दुनिया सम्मान करती है, उनके बारे में भी अशोभनीय टिप्पणियां की जाती हैं। यही कारण है कि भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की है