मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ, बिहार में महिलाओं को मिलेगा नया आर्थिक बल

7 सितंबर बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का औपचारिक शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य राज्य की महिलाओं को उद्यमिता की ओर प्रोत्साहित करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद 7 सितंबर को इस योजना की आधिकारिक निर्देशिका जारी की गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस योजना के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया, जिसके माध्यम से राज्य की महिलाएं सीधे योजना के लिए आवेदन कर सकेंगी और विभिन्न लाभों का लाभ उठा सकेंगी।

प्रारंभिक सहायता राशि योजना के अंतर्गत महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10,000 की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी।यदि लाभार्थी महिला 6 महीनों तक सक्रिय रूप से अपने व्यवसाय में लगी रहती है और योजना के निर्धारित मापदंडों को पूरा करती है, तो उसे अतिरिक्त 2 लाख तक की राशि सहायता स्वरूप दी जाएगी।

महिलाओं के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित किया गया है, जिससे आवेदन की प्रक्रिया पारदर्शी और सरल हो गई है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “यह योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि उन्हें समाज में सम्मान और पहचान भी दिलाएगी। हमारा लक्ष्य है कि हर महिला अपने सपनों को साकार कर सके और राज्य के विकास में भागीदार बने।

इस योजना से उम्मीद की जा रही है कि बिहार की लाखों महिलाएं अब खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रोत्साहित होंगी और राज्य में महिला उद्यमिता को नया आयाम मिलेगा।