भोपाल। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व मंडल महामंत्री जीत निशोदे ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। हाल ही में उनका एक महिला के साथ कथित अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो विवाद के बाद पार्टी ने उन्हें पद और प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद और मानसिक तनाव से डिप्रेशन में आए जीत निशोदे ने गुरुवार दोपहर अपने घर पर फांसी लगाई। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर तुरंत शाहपुरा स्थित पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाए आरोप
वायरल वीडियो में दिख रही महिला ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं ने उनका और उनके होने वाले पति का निजी वीडियो चोरी-छिपे बनाकर वायरल किया। महिला ने इनमे से एक का नाम अंकित दुबे बताया है। उनका कहना है कि भाजपा से जुड़े होने के कारण बदनाम करने की नीयत से ऐसा किया गया।
महिला ने शाहपुरा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस पर दबाव के कारण कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है।
FIR में जीत निशोदे को बताया दोस्त
एफआईआर में महिला ने जीत निशोदे को अपना दोस्त बताया। महिला ने स्वीकार किया कि दोनों ने आपसी सहमति से संबंध बनाए थे और वही वीडियो चोरी-छिपे रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस 77, आईटी एक्ट की धारा 66(e), 67 और 67(a) के तहत मामला दर्ज किया है।
भाजपा ने की कड़ी कार्रवाई
वीडियो विवाद के बाद भाजपा युवा मोर्चा अरेरा मंडल अध्यक्ष अभिषेक पुरोहित ने जीत निशोदे को मंडल महामंत्री पद और संगठन की प्राथमिक सदस्यता से हटा दिया।
वहीं, कांग्रेस ने इस मामले पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि अब पार्टी को अपना असली चरित्र बताना चाहिए।