भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में एक युवक ने नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 21 वर्षीय निखिल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। निखिल की एक साल पहले लव मैरिज हुई थी और वह पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों का कहना है कि युवक पड़ोस में रहने वाली महिला के झूठे आरोपों से आहत था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
महिला की शिकायत के बाद थाने तक पहुंचा मामला
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात निखिल का अपनी पड़ोसी महिला से विवाद हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि निखिल ने उसकी नाबालिग बेटी को बैड टच किया और छेड़छाड़ की। इसके बाद महिला थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने निखिल को उसके घर से हिरासत में लिया और थाने लाया गया। कुछ घंटे की पूछताछ और दोनों पक्षों में समझौते के बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुराने विवाद ने बढ़ाई रंजिश
निखिल के भाई नीलेश अग्रवाल ने बताया कि महिला के साथ यह विवाद नया नहीं था। पहले भी महिला ने निखिल और उसकी पत्नी से झगड़ा किया था। महिला ने निखिल की पत्नी के खिलाफ अपशब्द कहे थे, जिसके बाद निखिल ने महिला और उसके पति के साथ मारपीट कर दी थी। इसी विवाद के चलते रिश्तों में तनाव बना हुआ था।
घर लौटकर लगाई फांसी
थाने से लौटने के बाद महिला ने निखिल को अपने कमरे में बातचीत के लिए बुलाया। लेकिन वहां हुई बहस के बाद निखिल अपने कमरे में वापस आया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आखिरी बातचीत का ऑडियो आया सामने
निखिल ने मौत से पहले अपने मकान मालिक से फोन पर बात की थी। उसने मकान मालिक को बताया कि महिला उस पर झूठे और अनर्गल आरोप लगा रही है। उसने स्वीकार किया कि महिला और उसके पति से झगड़ा जरूर हुआ था, लेकिन उसने उनकी बेटी से कोई गलत हरकत नहीं की। मकान मालिक उसे शांत रहने की सलाह दे रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद निखिल ने खुदकुशी कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस महिला के आरोपों और निखिल की आत्महत्या के बीच संबंधों की गहन जांच कर रही है।