सीधी के संजय टाइगर रिजर्व में शुरू हुआ 7 दिन का हाथी महोत्सव


सीधी के संजय टाइगर रिजर्व में शुरू हुआ 7 दिन का हाथी महोत्सव, बाघ रेस्क्यू और पेट्रोलिंग में योगदान देने वाले हाथियों की पूजा-अर्चना
मध्य प्रदेश के सीधी जिले के संजय टाइगर रिजर्व में वन्य जीव संरक्षण और संवर्धन में महती भूमिका निभाने वाले हाथियों के सम्मान में हाथी महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह महोत्सव 7 दिनों तक चलेगा, जिसमें रिजर्व में मौजूद चार प्रमुख हाथियों—बापू, भरत, चित्रा और शांभवी—को महोत्सव के दौरान कोई काम नहीं करवाया जाएगा, बल्कि उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी।

महोत्सव की शुरुआत धौहनी विधायक कुँवर सिंह टेकाम ने की। इस दौरान हाथियों को प्रतिदिन अलग-अलग फल, पकवान दिए जाएंगे, उनका तेल मालिश और नहलाया जाएगा, साथ ही चिकित्सा परीक्षण भी किया जाएगा।

ये चारों हाथी संजय टाइगर रिजर्व में बाघों के रेस्क्यू, पेट्रोलिंग और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देते हैं। यही कारण है कि नवरात्रि के समय प्रत्येक वर्ष यहाँ हाथी महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिससे वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण का संदेश समाज में फैल सके।