15 अक्टूबर के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली, अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में देशभर में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि 15 अक्टूबर के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में ठंडक बढ़ने के आसार हैं। उत्तर भारत में अब धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी।

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले कुछ दिनों में बर्फबारी की संभावना है। इसके असर से मैदानों में भी तापमान में गिरावट दर्ज होगी। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रातें अब ठंडी होने लगेंगी।

आईएमडी के अधिकारियों का कहना है कि इस बार मॉनसून की विदाई सामान्य समय से कुछ दिन देरी से हो रही है, जिसके चलते अक्टूबर के मध्य तक मौसम में हल्की उमस बनी रहेगी, लेकिन 15 तारीख के बाद अचानक से हवाओं का रुख बदलेगा और ठंडक महसूस होने लगेगी।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, सर्दी की शुरुआत अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से हो सकती है।

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, जो आने वाले दिनों में और बढ़ेगी। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होते ही मैदानों में भी तापमान गिरने लगेगा।मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों की सिंचाई और भंडारण में मौसम परिवर्तन को ध्यान में रखें।