बंगले से बाहर हुए कांग्रेस नेता, Udit Raj

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2025: कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उन्हें और उनकी पत्नी सीमा राज को बिना किसी पूर्व सूचना के दिल्ली के पंडारा पार्क स्थित सरकारी बंगले से जबरन बाहर किया गया। उन्होंने इसे दलित होने की सजा और राजनीतिक उत्पीड़न करार दिया।

उदित राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनके घर का सामान सड़क पर पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने लिखा, “मेरे घर का सामान सड़क पर फेंका जा रहा है। मामला न्यायालय में लंबित है, और अगली सुनवाई 28 अक्टूबर को है। तीन-चार दिन का क्या फर्क पड़ता है?”

उदित राज का कहना है कि उनकी पत्नी, जो कि भारतीय राजस्व सेवा (IRS) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने इस बंगले का लाइसेंस शुल्क 31 मई तक चुका दिया था और अतिरिक्त समय की मांग की थी। बावजूद इसके, अधिकारियों ने उनकी मांगों की अनदेखी करते हुए उन्हें बंगले से बाहर कर दिया।

उदित राज ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई उनके दलित होने और गरीबों के हक में आवाज उठाने की सजा है। उन्होंने इसे जातिवाद और राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण बताया। उन्होंने यह भी कहा कि कई उच्च जाति के लोग सरकारी बंगलों में अवैध रूप से रह रहे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती।इस मामले में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।